पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से 02 अक्टूबर से 09 अक्टूबर 2025 तक दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों से सीधे संपर्क स्थापित कर उन्हें पशु नस्ल सुधार, पशु पोषण एवं पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
अभियान के प्रथम चरण में ऐसे पशुपालकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है जिनके पास 10 या अधिक गोवंशीय एवं भैंसबंसीय मादा पशु हैं। पशुपालन विभाग के ए.वी.एफ.ओ. एवं मैत्री गौसेवकों द्वारा घर-घर जाकर संपर्क स्थापित किया जा रहा है। उन्हें उन्नत नस्ल सुधार तकनीक, संतुलित पशु आहार एवं नियमित टीकाकरण जैसी प्रक्रियाओं के लाभों से अवगत कराया जा रहा है, जिससे पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सके।
इसी क्रम में गतदिवस गो संवर्धन बोर्ड, भोपाल के रजिस्ट्रार एवं उपसंचालक भारत सुमन शर्मा द्वारा विकासखंड पिछोर के ग्राम चौमुहा तथा विकासखंड खनियाधाना के ग्राम इमलिया एवं ककरेला में पहुंचकर पशुपालकों से संवाद किया गया। उन्होंने पशुपालकों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और पशुधन विकास में शासन की योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान डॉ.एच.के.ओझा विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी पिछोर, डॉ. लोकेन्द्र यादव विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी खनियाधाना, ए.वी.एफ.ओ. रवि लोधी, विवेक लहारिया तथा मैत्री गौसेवक नंदराम अहिरवार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।